जंगल में नक्सली डंप का भंडाफोड़, SLR-INSAS समेत BGL लॉन्चर और हथियार बरामद

बीजापुर : जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया माओवादी डंप बरामद किया गया है। डंप से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। तलाशी लेने पर जमीन के अंदर हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मौके से बरामद सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है। डंप से जुड़े लोगों की पहचान और पतासाजी के लिए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Chhattisgarh News: भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पुशर कार की चपेट में आकर ठेका मजदूर की मौत
SLR-INSAS से BGL लॉन्चर तक बरामद
सुरक्षा बलों को बरामद डंप से एक SLR, एक LMG राइफल, एक INSAS राइफल, एक .315 बोर बंदूक और दो BGL लॉन्चर मिले हैं। इसके अलावा 17 BGL सेल, एक चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड और 15 BGL कारतूस भी बरामद किए गए।
तलाशी के दौरान चार SLR मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन सहित अन्य सामग्री और उपकरण भी मिले हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद हथियारों और सामान को जब्त कर लिया है तथा डंप को लेकर आगे जांच की जा रही है।
सितंबर में कई जगहों से बरामद हुए नक्सली डंप
पुलिस के अनुसार, सितंबर महीने में बीजापुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियानों के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए कई डंप बरामद किए गए हैं।
20 सितंबर को भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद की गई थीं। वहीं 16 सितंबर को फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से हथियार, कारतूस, जिलेटिन और वॉकी-टॉकी समेत अन्य सामग्री मिली थी।
इसी तरह 10 सितंबर को मिरतुर क्षेत्र के इंद्रपाल जंगल से वायर, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए थे। 1 सितंबर को भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से 12 बोर देशी कट्टा, BGL लॉन्चर, BGL सेल और कारतूस बरामद हुए थे।
लगातार हो रही इन बरामदगियों के बीच लंका पहाड़ी के जंगल से मिला माओवादी डंप भी नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण बरामदगी में शामिल है।





