Mungeli News : लोरमी के गांधीडीह कन्या आश्रम में खेल सामग्री वितरित, छात्राओं को खेलों के लिए किया प्रेरित

मुंगेली। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त शिवकुमार बांधे ने शुक्रवार को विकासखंड लोरमी के ग्राम गांधीडीह स्थित कन्या आश्रम का निरीक्षण कर छात्राओं को विभिन्न खेल सामग्रियों का वितरण किया। खेल सामग्री मिलने से छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान सहायक आयुक्त शिवकुमार बांधे ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। खेल शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने की अपील की। उन्होंने आश्रम अधीक्षक एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि छात्राओं को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाए। खेल सामग्री वितरण के दौरान छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए नियमित अभ्यास का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आश्रम के अधीक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा छात्रावासों एवं आश्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से समय-समय पर खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि वे शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।






