CG Crime News: जमीन बंटवारे को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप, 85 वर्षीय चाचा की हत्या के बाद भतीजा फरार

CG Crime News: कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद हत्या तक पहुंच गया। ग्राम पिपरिया के सीपतपारा में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की टांगिया से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोप मृतक के भतीजे पर है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बबन राम यादव (85) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बबन राम मवेशियों को चारा देने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव ने कथित तौर पर उन पर टांगिया से हमला कर दिया। हमले में बबन राम गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
CG Open Jail: छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल शुरू, 30 बंदियों को मिलेगा नई जिंदगी की ओर बढ़ने का मौका
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चाचा और भतीजे के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच मनमुटाव भी था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।





