CG News: गरबा खेलने जा रहे हैं तो रहें अलर्ट, माता के चढ़ावे के नाम पर गहने मांगने वालों से सावधान!

रायपुर/दुर्ग : गरबा और डांडिया पंडालों में श्रद्धालुओं से माता के चढ़ावे के नाम पर सोना-चांदी और नकदी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रायपुर से आई करीब 10 युवतियां अलग-अलग पंडालों में पहुंचकर माता आने का भ्रम पैदा करती थीं और फिर चढ़ावे के नाम पर लोगों से आभूषण व नकदी मांगती थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद सभी को फिलहाल छोड़ दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवतियां गरबा पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं से कहती थीं कि माता की तस्वीर पर गहने चढ़ाने हैं। आरोप है कि इसी बहाने वे लोगों से सोना-चांदी और नकदी मांगती थीं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने करीब 10 युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
विधायक रिकेश सेन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के बाद युवतियों को छोड़ दिया गया है। फिलहाल मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जानी है। पुलिस की जांच के अंतिम नतीजे सामने नहीं आए हैं।
विधायक रिकेश सेन ने की सतर्क रहने की अपील
मामले के बीच विधायक रिकेश सेन ने दुर्गा पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि माता के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को सोना-चांदी या नकदी देने से पहले पूरी जानकारी जरूर हासिल करें। साथ ही, पंडालों में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।





