बाइकर्स गैंग का बढ़ता आतंक: टिकरापारा और पुरानी बस्ती में झपटमारी की तीन वारदातें

रायपुर : बाइकर्स गैंग का आतंक दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों में टिकरापारा और पुरानी बस्ती इलाके में झपटमारी की तीन अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं। बदमाश चलते वाहन से मोबाइल और पर्स छीनकर रफूचक्कर हो रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर 3 संदेहियों को हिरासत में लिया है। दतरेंगा निवासी प्रेम सिंह 30 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे अपनी बाइक से गोकुल नगर गौठान जा रहे थे। जैसे ही वह मुक्तिधाम के पास पहुंचे, पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए।
CG News : वाटर फिल्टर प्लांट में लगी भीषण आग, दमकल की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला
बदमाशों ने चलते वाहन में ही प्रेम सिंह की शर्ट की जेब से टेक्नो स्पॉर्क मोबाइल झपटा और तेजी से फरार हो गए। जांच में एक आरोपी का नाम शेख राजिक सामने आया है। लूट का दूसरा मामला भी गोकुल नगर मुक्तिधाम के पास का है। बोरियाखुर्द निवासी पोषण नागरची 15 फरवरी की रात साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर जेब से रियलमी का मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने आरोपियों की पहचान शेख राजिक, अलताफ खान और मुस्तकीम खान के रूप में की है।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मठपारा निवासी कमला उपाध्याय अपनी एक्टिवा से आयुर्वेदिक दवा देने दतरेंगा जा रही थीं। शीतला चौक भाठागांव के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स खींच लिया। पर्स में ओप्पो मोबाइल, 10 हजार रुपए नकद और दवाइयां थीं।झपटमारी के दौरान संतुलन बिगड़ने से महिला सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।






