NEET परीक्षा में बड़ी लापरवाही! गलत सेंटर बताकर छात्र को परीक्षा केंद्र से लौटाया, स्कूल के बाहर हंगामा

रायपुर : देशभर में आज री NEET-UG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा में करीब 45 हजार कैंडिडेट्स शामिल हुए हैं। पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि रायपुर में 25 केंद्रों में परीक्षा हो रही है। NTA की गाइडलाइन के अनुसार कड़ी जांच के बाद स्टूडेंट्स को एंट्री दी गई। रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय विद्यालय के बाहर हंगामा हो गया। एक स्टूडेंट को शुरुआती जांच में अंदर आने की अनुमति दे दी गई, लेकिन केंद्र के अंदर जाने 15 मिनट बाद उसे यहां बोलकर वापस लौटा दिया गया कि उसका परीक्षा केंद्र दूसरा है।
इसके अलावा जगदलपुर के पीजी कॉलेज के बाहर नीट पेपर लीक मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। मौके पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
सुरक्षा जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में लगभग आधा घंटा लग रहा था। स्टूडेंट्स को गाइड करने के लिए अनाउंसमेंट किया गया। ताकि अभ्यर्थी किसी भी तरह की जल्दबाजी या परेशानी से बचने के लिए समय रहते परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लें।






