CG News: धान खरीदी केंद्र शिफ्ट करने पर भड़के किसान, SDM कार्यालय का किया घेराव

अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में धान खरीदी केंद्र को अचानक बकतरा स्थानांतरित किए जाने से किसानों में नाराजगी है। इस फैसले के विरोध में किसानों ने SDM कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों ने मांग की है कि धान खरीदी केंद्र को वापस बिरोदा में ही संचालित किया जाए। साथ ही उन्होंने बकतरा में धान बेचने से इनकार कर दिया है।
CG में भीषण सड़क हादसा, खड़े आयरन ओर लदे ट्रक से टकराया खीरे से भरा ट्रक; चालक केबिन में फंसा
जानकारी के अनुसार, धान खरीदी शुरू होने के पहले दिन किसान अपनी उपज लेकर बिरोदा खरीदी केंद्र पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि केंद्र को बकतरा स्थानांतरित कर दिया गया है। किसानों का आरोप है कि केंद्र शिफ्ट करने से पहले उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई। किसानों का कहना है कि उन्होंने बिरोदा में धान खरीदी की व्यवस्था के लिए अपने स्तर पर काफी मेहनत और खर्च किया था। ऐसे में अचानक खरीदी केंद्र दूसरी जगह स्थानांतरित करने से उन्हें परेशानी हो रही है। किसानों ने बकतरा तक पहुंचने वाले रास्तों की खराब स्थिति और परिवहन सुविधाओं की कमी को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि धान लेकर वहां तक पहुंचना मुश्किल है और रास्ते में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले का फरार आरोपी विकास अग्रवाल दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज
इन्हीं समस्याओं को लेकर किसानों ने SDM कार्यालय का घेराव कर अपनी मांग रखी। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक खरीदी केंद्र को वापस बिरोदा में शुरू नहीं किया जाता, तब तक वे बकतरा में अपनी धान उपज नहीं बेचेंगे। अब किसानों की मांग पर प्रशासन के अगले कदम का इंतजार है।





