हक की हुंकार: 7 घंटे तक थमी रही रानी अटारी खदान, ठप रहा कोयला परिवहन • पेमेंट स्लिप, एचपीसी दर और सुरक्षा उपकरणों की मांग को लेकर सैकड़ों ठेका मजदूरों ने की हड़ताल • छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में हुआ आंदोलन, सीटू ने दिया समर्थन; महाप्रबंधक के लिखित आश्वासन के बाद माने श्रमिक
सतपाल सिंह

हक की हुंकार: 7 घंटे तक थमी रही रानी अटारी खदान, ठप रहा कोयला परिवहन
• पेमेंट स्लिप, एचपीसी दर और सुरक्षा उपकरणों की मांग को लेकर सैकड़ों ठेका मजदूरों ने की हड़ताल
• छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में हुआ आंदोलन, सीटू ने दिया समर्थन; महाप्रबंधक के लिखित आश्वासन के बाद माने श्रमिक..

कोरबा। एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रानी अटारी और विजय वेस्ट भूमिगत खदान में कार्यरत सैकड़ों ठेका मजदूरों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। पेमेंट स्लिप, पहचान पत्र (आई-कार्ड), सुरक्षा उपकरण और एचपीसी (HPC) दर पर वेतन न मिलने से नाराज श्रमिकों ने छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से खदान बंद कर कोयला परिवहन पूरी तरह ठप कर दिया। करीब 7 घंटे तक चले इस जबरदस्त आंदोलन और उत्पादन ठप रहने के बाद आखिरकार एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक को झुकना पड़ा। प्रबंधन द्वारा मांगों को जायज मानते हुए लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

शोषण छुपाने के लिए नहीं दी जा रही पेमेंट स्लिप: प्रशांत झा
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने प्रबंधन और ठेका कंपनियों पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खदानों में ठेका मजदूरों को निर्धारित दर से कम मजदूरी देकर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इस शोषण को छुपाने के लिए ही जानबूझकर श्रमिकों को पेमेंट स्लिप नहीं दी जाती, जिससे उन्हें यह पता ही नहीं चल पाता कि उन्हें कितने दिनों का और किस दर से भुगतान किया गया है।
अधिकार नहीं मिले तो होगा उग्र आंदोलन: सीटू
आंदोलन को कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया। सीटू के प्रदेश अध्यक्ष वी.एम. मनोहर ने मौके पर पहुंचकर प्रबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आई-कार्ड, पीएफ की जानकारी, पेमेंट स्लिप और सुरक्षा उपकरण ठेका श्रमिकों का बुनियादी अधिकार है। यदि ठेकेदार या एसईसीएल प्रबंधन ने इसमें कोताही बरती, तो एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
जिले भर में बुलंद होगी आवाज
किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू और दामोदर श्याम ने कहा कि कोरबा जिले के अंतिम छोर पर स्थित रानी अटारी खदान से शोषण के खिलाफ यह बिगुल फूंका गया है। अब पूरे जिले के ठेका श्रमिकों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की जाएगी। हड़ताल की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
क्या हैं श्रमिकों की प्रमुख मांगें?
• सभी ठेका मजदूरों को तत्काल पहचान पत्र (आई-कार्ड) और पेमेंट स्लिप जारी करना।
• एचपीसी (HPC) दर के अनुसार समय पर वेतन का भुगतान और पीएफ (PF) का पूरा विवरण देना।
• खदान में कार्य के दौरान गमबूट, हेलमेट (टोपी) सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना।
• ठेका श्रमिकों को नियमों के तहत सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना।
आंदोलन में इनकी रही प्रमुख भागीदारी
इस सफल आंदोलन में सीटू के रामदास, अरविंद सिंह यादव, मनीष खरे, अजय और रथराम ने सक्रिय समर्थन दिया। वहीं, किसान सभा की ओर से दामोदर श्याम, दीपक साहू, मोहम्मद हुसैन अली, बृजलाल, रामेश्वर, रामदेव, बाबूलाल, देव प्रताप, सुरजन, लक्ष्मण, बुद्धि, उजागर और कन्हैया सहित बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक मौजूद रहे।





