कोरबा में खेत में दिखा मगरमच्छ , मचा हड़कंप, वन हमले को दी गई सूचना
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक खेत में विशालकाय मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
पूरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तरदा की है। यहाँ खेत में काम कर रहे किसानों की नजर अचानक एक मगरमच्छ पर पड़ी। खेत में मगरमच्छ होने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई, जिसे देखने के लिए मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने सूझबूझ से निकाला बाहर
खेत के कीचड़ और पानी के बीच मगरमच्छ लगातार भागने और छिपने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान गांव के ही कुछ साहसी युवकों ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने भारी मशक्कत के बाद जैसे-तैसे मगरमच्छ पर काबू पाया और उसे सुरक्षित तरीके से बांधकर खेत से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत इस पूरी घटना की सूचना वन विभाग को दी।
वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत दलबल के साथ ग्राम तरदा पहुंचा। वन कर्मियों ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद मगरमच्छ को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित रूप से वाहन में लोड किया, ताकि उसे उसके प्राकृतिक आवास (जलाशय) में छोड़ा जा सके। वन विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
ग्रामीणों में डर का माहौल, और भी मगरमच्छ होने की आशंका
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत के आसपास के इलाकों और नदी-नालों में और भी कई मगरमच्छ मौजूद हैं, जो अक्सर रिहाइशी इलाकों की तरफ रुख कर लेते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पूरे इलाके की जांच कर अन्य मगरमच्छों का भी जल्द से जल्द रेस्क्यू किया जाए, ताकि लोग बिना किसी डर के अपने खेतों में काम कर सकें। (कोरबा से सुनील राजपूत के साथ ओमकार यादव की रिपोर्ट)






