कोरबा में हुआ “सियान गुड़ी” का शुभारंभ, महापौर,पार्षद सहित अधिकारी हुए शामिल

कोरबा में हुआ “सियान गुड़ी” का शुभारंभ, महापौर,पार्षद सहित अधिकारी हुए शामिल
कोरबा। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, देखभाल एवं सक्रिय जीवन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में “सियान गुड़ी” का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र बुजुर्गों के लिए एक आदर्श डे-केयर एवं सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित एवं आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती संजू देवी राजपूत नगर निगम महापौर, नरेंद्र देवांगन (पार्षद एवं जिला महामंत्री) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विनय मिश्रा (अपर आयुक्त, नगर निगम कोरबा), हरीश सक्सेना (अनुविभागीय अधिकारी, समाज कल्याण विभाग), अन्य समाज कल्याण विभाग के कर्मचारीगण एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण शामिल हुए। अतिथियों ने सियान गुड़ी की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला प्रयास बताया।
सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह केंद्र न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि स्वास्थ्य, सामाजिक जुड़ाव एवं मानसिक सशक्तिकरण का भी महत्वपूर्ण केंद्र होगा। केंद्र में वातानुकूलित एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध है, जहां दिन की शुरुआत प्रार्थना के साथ होती है। साथ ही बुजुर्गों की आयु एवं स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक एवं संतुलित भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
बुजुर्गों के लिए राहत और सम्मान का केंद्र
सियान गुड़ी बुजुर्गों को अकेलेपन से बाहर निकालकर सामाजिक रूप से जोड़ने का कार्य करेगा। यहां वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे, नई गतिविधियों में भाग ले सकेंगे तथा अपने जीवन को अधिक सक्रिय और आनंदमय बना सकेंगे। यह पहल समाज में बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल एवं सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सियान गुड़ी में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं
• लाफ्टर क्लब एवं सामूहिक गतिविधियां
• कैरम, शतरंज एवं अन्य इंडोर गेम्स
• योग एवं व्यायाम की व्यवस्था
• नियमित स्वास्थ्य जांच (बीपी, शुगर आदि)
• फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य परामर्श
• पुस्तकालय एवं समाचार पत्र
• मनोरंजन हेतु टीवी एवं संगीत
• स्वच्छ, सुरक्षित एवं आरामदायक बैठने की व्यवस्था
• सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
• बागवानी एवं पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां
• बच्चों एवं युवाओं के साथ बुजुर्गों का संवाद और सहभागिता
• “एक महोत्सव बुजुर्गों के साथ” जैसे विशेष आयोजन
सियान गुड़ी के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को एक ऐसा मंच प्राप्त होगा, जहां वे अपने जीवन को पुनः उत्साह, आत्मसम्मान एवं खुशियों के साथ जी सकेंगे। यह केंद्र जिले में बुजुर्गों के समग्र विकास एवं बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल के रूप में स्थापित होगा। इस कार्यक्रम का संचालन जय शकुन्तला वेलफेयर फाउंडेशन, बलरामपुर छत्तीसगढ़ द्वारा किया जा रहा है।






