लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, चांपा में ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न

चांपा, 13 जुलाई। लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, चांपा में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बम्हनीडीह विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 35 प्रतिभागियों ने अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर लायंस इंटरनेशनल के प्रथम डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्री पवन मलिक, लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-C के माइक्रो चेयरमैन लायन विष्णु गुप्ता, लायंस क्लब एजुकेशनल सोसाइटी, चांपा के चेयरमैन लायन रामप्रपन्न देवांगन, लायंस क्लब चांपा के अध्यक्ष एवं ज़ोन चेयरपर्सन MJF लायन संतोष कुमार सोनी, सचिव लायन वासुदेव चंद देवांगन, रीजन चेयरपर्सन लायन राजेश अग्रवाल, लायन डॉ. जी.पी. दुबे तथा बम्हनीडीह विकासखंड के नोडल अधिकारी श्री गिरिजा शंकर धीवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों के पीटीआई श्री अखिलेश आदित्य, श्री अशोक राठौर, श्री विधान दुबे, श्री मुकुंद कृष्ण पांडे एवं श्री श्याम भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि श्री पवन मलिक एवं MJF लायन संतोष कुमार सोनी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल विद्यार्थियों में एकाग्रता, निर्णय क्षमता एवं तार्किक सोच का विकास करते हैं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अजिथा वी.के. के मार्गदर्शन में पी.ई. श्री गौरव कटाकवार, पीटीआई श्री निहाल पांडे एवं श्री ओ.पी. पांडे ने प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया। पूरी प्रतियोगिता सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।






