ChatGPT Image May 16, 2026, 07_16_26 PM
BALCO NEWS

बालको ने ऐश डाइक में किया आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन

कोरबा,भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने ऐश डाइक-2 (जामबहार गांव, एचटी टॉवर क्षेत्र) में आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन किया। अभ्यास का उद्देश्य डाइक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की प्रभावशीलता का आकलन करना एवं विभिन्न टीमों की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखना था।

मॉक ड्रिल के दौरान भारी बारिश और बादल फटने जैसी स्थिति के कारण डाइक के ऊपर से पानी बहने और उसके क्षतिग्रस्त होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सायरन बजाया गया और साइट इमरजेंसी प्लान के अनुसार सभी आवश्यक कार्रवाई तुरंत शुरू कर दी गई।

अभ्यास के दौरान बचाव, राहत एवं सहयोगी टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित किया। काल्पनिक रूप से घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। साथ ही, उपकरणों को सुरक्षित रूप से बंद किया गया, पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई तथा सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सभी निर्धारित कार्रवाई सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद स्थिति को पूरी तरह सामान्य घोषित कर दिया गया।

मॉक ड्रिल का अवलोकन प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न हितधारकों ने किया। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री दीपक पटेल, पुलिस प्रशासन से श्री अजय सिंह एवं उनकी टीम, तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय से श्री रोहित कुमार उपस्थित रहे। साथ ही आसपास के परसाभाठा, रोगबहारी एवं जामबहार गांवों के समुदाय प्रतिनिधियों ने भी अभ्यास में सहभागिता की।

अभ्यास में बालको की आपातकालीन नेतृत्व टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। बालको के डिप्टी सीईओ (पावर) मंतोष कुमार सिंहा की अगुवाई में संयंत्र के मुख्य ऑपरेशन एडं मेंटेनेंस मंयक श्रीवास्तव सहित प्रमुख अधिकारी, अनिल कुमार मिश्रा (चीफ इंसीडेंट कंट्रोलर), मुकुंद जी एडगांवकर (इंसीडेंट कंट्रोलर), बी. शिवाकुमार (चीफ एचएसई एडं एस ऑफिसर), प्रिंसी जॉन (सामुदायिक विकास अधिकारी) तथा भारतेंदु कमल पांडे, (चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर) शामिल रहे।

इस अवसर पर बालको के सुरक्षा, पर्यावरण, चिकित्सा तथा सिक्योरिटी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं आपातकालीन नेतृत्व टीम के सदस्य उपस्थित रहे। सभी टीमों ने समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का सफल संचालन करते हुए औद्योगिक सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति बालको की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया।

बालको नियमित रूप से ऐसे आपातकालीन अभ्यास आयोजित करता है, जिससे कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों एवं संबंधित एजेंसियों की आपदा प्रबंधन क्षमता को सशक्त बनाया जा सके तथा किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026