राजधानी में फिर लिफ्ट कांड! भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी बीच में फंसे, VIDEO जारी कर बताई आपबीती

रायपुर : राजधानी रायपुर में एक बार फिर लिफ्टकांड हो गया. रजबंधा मैदान स्थित निजी कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को अचानक लिफ्ट खराब हो गई, जिसमें भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत 7 लोग अंदर लगभग 15 मिनट तक फंसे रहे. मौके पर हड़कंप मच गया. किसी तरह सुरक्षा गार्ड ने दरवाजे खुलवाकर उन्हें बाहर निकाला. घटना का वीडियो भी सामने आया है.
वीडियो में भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कॉम्पलेक्स प्रबंधन पर ठिकरा फोड़ा. भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस कॉम्प्लेक्स में पहले भी लिफ्ट खराब होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं. कभी बुजुर्ग तो कभी महिलाएं यहां लिफ्ट में फंस जाती हैं. उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के मुताबिक, निजी कॉम्प्लेक्स में भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी और अन्य लोग लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे. इस दौरान लिफ्ट अचानक बंद हो गया. सभी ने बार-बार अलार्म और फोन से मदद मांगने की कोशिश की, हालांकि तत्काल किसी प्रकार की तकनीकी सहायता नहीं मिल सकी. बाद में कॉम्पलेक्स के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों ने मशक्कत कर लिफ्ट का गेट खुलवाया. इसके बाद सभी सुरक्षित बाहर निकल गए.






