सड़क हादसे के बाद भड़का गुस्सा… ग्रामीणों ने वाहनों में की तोड़फोड़, एंबुलेंस चालक और SI घायल; इलाके में तनाव

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उमर्दा गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए ना सिर्फ 112 वाहन और निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ की बल्कि हाथापाई भी की। इस घटना में एंबुलेंस चालक और एक एसआई के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि भैंसमुडा निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
Chhattisgarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ में खाई में गिरी बस, यात्रियों में मचा हड़कंप, 2 गंभीर
हादसे में लीलाराम साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर 112 वाहन वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। इस दौरान एंबुलेंस चालक से हाथापाई की गई और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
बीच बचाव के दौरान एक एसआई सहित एंबुलेंस चालक के घायल होने की बात कही जा रही है। वहीं एंबुलेंस चालक ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग वाहनों की कमी के कारण मौके पर पहुंचने में कुछ देरी हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है।




