नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भक्तिमय माहौल में हुआ भव्य समापन
अंतिम दिन गीता पाठ, हवन एवं सहस्त्रधारा सहित हुए विशेष धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ

बिलासपुर। राजकिशोर सूरजमुखी, 27, बिलासपुर में श्री राम नारायण साहू एवं श्रीमती अनिता साहू के मुख्य यजमानत्व में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का शुक्रवार, 27 नवंबर को श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ। 19 नवंबर से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, अंबिकापुर में 9.2 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 5 दिन राहत के आसार नहीं
कथा व्यास पूज्य पं. श्री सत्यव्रत तिवारी जी महाराज ने नौ दिनों तक अपनी मधुर वाणी एवं संगीतमय शैली में श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्री परीक्षित जन्म, श्री शुकदेव आगमन, प्रह्लाद चरित्र, समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीराम कथा, भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा, महारास, कंस उद्धार, रुक्मिणी मंगल एवं सुदामा चरित्र जैसे प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।

कथाव्यास ने अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, भक्ति, प्रेम, त्याग और सदाचार का संदेश देते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान करने के साथ ही मन में सकारात्मकता एवं संस्कारों का संचार करती है।

कथा के अंतिम दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के अंतर्गत श्री तुलसी वर्ष, गीता पाठ, हवन, सहस्त्रधारा, चिकट एवं चढ़ौती सहित विभिन्न कार्यक्रम विधि-विधान से संपन्न कराए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के जयकारों से कथा स्थल गुंजायमान रहा।

आयोजन में मुख्य यजमान श्री राम नारायण साहू एवं श्रीमती अनिता साहू के साथ श्री लखन लाल साहू एवं श्रीमती बिरजा बाई साहू का विशेष सहयोग रहा। वहीं श्री राम स्नेही साहू, श्रीमती उषा साहू, श्री ओम प्रकाश साहू, श्रीमती त्रिवेणी साहू सहित समस्त साहू परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन अवसर पर आयोजक परिवार ने कथा में शामिल हुए समस्त श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नौ दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और धर्ममय वातावरण का संचार किया।







