छत्तीसगढ़ के निजी स्कूल में 4 साल के बच्चे की पिटाई का आरोप, पीठ पर मिले चोट के निशान; पुलिस ने शुरू की जांच

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक निजी स्कूल की शिक्षिका पर चार साल के मासूम छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामला सीतापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरगा स्थित भारत माता बाल विद्या मंदिर का है। KG-01 में पढ़ने वाले बच्चे के परिजनों का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं होने पर शिक्षिका ने उसकी पिटाई की। घर लौटने पर बच्चे की पीठ पर चोट के कई निशान दिखाई दिए, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
पीड़ित बच्चे की पहचान यशवंत कुमार नागवंशी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, स्कूल से लौटने के बाद जब वे बच्चे की ड्रेस बदल रहे थे, तब उसकी पीठ पर डंडे से पिटाई के पांच से अधिक निशान दिखाई दिए। बच्चे से पूछने पर परिजनों ने शिक्षिका प्रीति मरकाम पर मारपीट का आरोप लगाया। इसके बाद बच्चे के पिता भीम कुमार नागवंशी सहित परिवार के लोग सीतापुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल इस मामले ने छोटे बच्चों की स्कूलों में सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





