Chhattisgarhछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: फरार आरोपी सुब्बू को लाने दुबई पहुंची ACB-EOW की टीम, 1200 करोड़ के हवाला नेटवर्क का खुलेगा राज!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। ACB-EOW की विशेष टीम IG अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में दुबई पहुंच गई है। टीम में DSP राहुल शर्मा, रोशन आहूजा समेत तीन DSP शामिल हैं। जांच एजेंसी दुबई में प्रत्यर्पण से जुड़ी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। एजेंसी की कोशिश है कि 28 नवंबर तक सुब्बू को भारत लाकर रायपुर में पूछताछ शुरू की जाए।

छत्तीसगढ़ की किसी राज्य स्तरीय जांच एजेंसी की ओर से फरार आरोपी को वापस लाने के लिए विदेश में इस तरह की कार्रवाई को अहम कदम माना जा रहा है। EOW ने प्रत्यर्पण के लिए जरूरी दस्तावेज पहले ही तैयार कर लिए थे। इनका अरबी और अंग्रेजी में अनुवाद कराने के बाद दुबई भेजा गया। बताया जा रहा है कि दुबई पुलिस ने इसी महीने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर सुब्बू को हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ EOW की विशेष अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है।

रायपुर की श्रेष्ठा तिवारी को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर अवॉर्ड, हेल्थ एंड वेलनेस कैटेगरी में मिला सम्मान

शराब दुकानों में अवैध बिक्री का नेटवर्क संभालने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। घोटाले के कथित नेटवर्क को पार्ट-A, पार्ट-B और पार्ट-C में बांटा गया था। आरोप है कि पार्ट-B के तहत सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब की बिक्री का जिम्मा सुब्बू के पास था।

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, डुप्लीकेट होलोग्राम लगी शराब की पेटियां फैक्ट्रियों से सीधे सरकारी दुकानों तक पहुंचाई जाती थीं। इनकी बिक्री के लिए दुकानों में अलग गल्ले रखे जाते थे। इस व्यवस्था के जरिए सरकारी बिक्री के समानांतर अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। एजेंसियों को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में शराब की सप्लाई, बिक्री और वसूली के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

अनवर ढेबर के संपर्क में आने के बाद सिंडिकेट में बढ़ी भूमिका

विकास अग्रवाल शुरुआत में सराफा कारोबार से जुड़ा हुआ था। बाद में वह होटल कारोबारी अनवर ढेबर के संपर्क में आया और धीरे-धीरे शराब सिंडिकेट का हिस्सा बन गया। उसने रायपुर के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया से जुड़ी मैनपावर सप्लाई कंपनी सुमित फैसिलिटीज का काम भी संभाला था।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब कारोबार से जुड़े सिंडिकेट में उसकी भूमिका लगातार बढ़ती गई। डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंसधारकों से कमीशन के नाम पर होने वाली कथित वसूली का हिसाब रखने में भी वह शामिल था। शराब कारोबार के अलग-अलग हिस्सों से मिलने वाली अवैध कमाई के प्रबंधन में उसकी भूमिका होने का आरोप है।

1200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई भेजने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शराब सिंडिकेट से हुई कथित अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा हवाला के जरिए विदेश भेजा गया था। आरोप है कि विकास अग्रवाल ने करीब 1200 करोड़ रुपये हवाला नेटवर्क के माध्यम से दुबई पहुंचाए। बताया जाता है कि वह जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते भारत से विदेश चला गया था। इसके बाद उसने अपने परिवार को भी UAE बुला लिया था।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विदेश भेजी गई रकम किन लोगों तक पहुंची और उसका इस्तेमाल कहां किया गया। सुब्बू से पूछताछ में कथित हवाला नेटवर्क और इसके अंतिम लाभार्थियों से जुड़ी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में दो फ्लैट खरीदकर नकदी छिपाने का आरोप

जांच के दौरान रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसायटी में विकास अग्रवाल से जुड़े दो फ्लैटों की जानकारी सामने आई थी। एजेंसियों का आरोप है कि इन फ्लैटों का इस्तेमाल शराब घोटाले से मिली कथित नकदी छिपाने के लिए किया जाता था। बताया गया है कि वसूली की रकम बोरियों और कार्टून में भरकर रखी जाती थी।

वहीं, 3 मई को बिलासपुर में विकास के भाई विवेक अग्रवाल के घर ED ने तलाशी ली थी। इस दौरान बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी मिलने की जानकारी सामने आई थी। जांच एजेंसियों को संदेह है कि बरामद संपत्ति का संबंध शराब सिंडिकेट की कथित अवैध कमाई से हो सकता है।

विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ जांच एजेंसियां पहले भी कार्रवाई कर चुकी हैं। महादेव सट्टा एप मामले में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रवि उप्पल को भारत लाने की प्रक्रिया भी इसी कड़ी का हिस्सा रही है।

सुब्बू को भारत लाए जाने के बाद शराब घोटाले की जांच में कई अहम पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। इसमें अवैध शराब की बिक्री, कमीशन वसूली, हवाला के जरिए विदेश भेजी गई रकम और सिंडिकेट के अंतिम लाभार्थियों की भूमिका प्रमुख रहेगी।

CG News: झूले पर बैठने को लेकर भिड़े युवक-युवती, सार्वजनिक स्थल पर जमकर हुआ विवाद

शराब घोटाले के कई बड़े आरोपी जमानत पर बाहर

शराब घोटाले की जांच के दौरान कई राजनीतिक और प्रशासनिक लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल समेत अन्य लोग शामिल हैं।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, केके श्रीवास्तव को छोड़कर मामले के अन्य प्रमुख आरोपी जमानत पर बाहर हैं। अब सुब्बू की वापसी के बाद जांच एजेंसियों की नजर शराब सिंडिकेट के आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने और कथित अवैध कमाई के अंतिम लाभार्थियों का पता लगाने पर रहेगी।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026