राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के आलोक पासवान ने किया शानदार प्रदर्शन विद्यालय की टीम ने हासिल किया चतुर्थ स्थान, आलोक को मिला राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर

राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के आलोक पासवान ने किया शानदार प्रदर्शन
विद्यालय की टीम ने हासिल किया चतुर्थ स्थान, आलोक को मिला राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर
कोरबा। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पंप हाउस, कोरबा के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के होनहार छात्र आलोक पासवान (कक्षा 8वीं) ने 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत फुटबॉल अंडर-14 बालक वर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 12 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक छतरपुर, मध्य प्रदेश में आयोजित की गई, जिसका आयोजन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के अंतर्गत किया गया था। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
आलोक पासवान ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम का सामना दिल्ली की टीम से हुआ। इसके पश्चात तृतीय स्थान के लिए जम्मू-कश्मीर की टीम के विरुद्ध मुकाबला खेला गया। कड़े संघर्ष के बाद छत्तीसगढ़ की टीम ने प्रतियोगिता में चतुर्थ स्थान (Fourth Rank) प्राप्त किया।
आलोक की यह उपलब्धि न केवल उसके व्यक्तिगत परिश्रम और लगन का परिणाम है, बल्कि विद्यालय, परिवार और प्रशिक्षकों के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन का भी प्रतिफल है।
विद्यालय की प्राचार्य महोदया ने आलोक की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उसके माता-पिता श्री ललन पासवान एवं परिवार के सहयोग की सराहना की।
इस उपलब्धि में विद्यालय की प्राचार्य महोदया, खेल प्रभारी श्रीमती प्रभा सिंह एवं पीटीआई श्रीमती शर्मिष्ठा शर्मा साहा का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन सराहनीय रहा।
विद्यालय परिवार ने आलोक को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करना स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन संघर्ष, अनुभव और निरंतर मेहनत ही खिलाड़ी को भविष्य में सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं। हमें विश्वास है कि आलोक भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेगा।
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पंप हाउस, कोरबा के लिए यह एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।





