Chhattisgarhछत्तीसगढ

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का जलवा, कोसा साड़ियों और हस्तशिल्प ने खींचा लोगों का ध्यान

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश की पारंपरिक कला, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिल रही है। कोसा सिल्क साड़ियों, हथकरघा वस्त्रों, बेलमेटल की कलाकृतियों, जनजातीय आभूषणों और वनोपज से तैयार उत्पादों को देखने के साथ उनकी खरीदारी में भी लोग रुचि दिखा रहे हैं।

तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी पहुंचे रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से करेंगे मुलाकात; समक्का सागर बैराज पर होगी चर्चा

कोसा साड़ियों और हथकरघा वस्त्रों की खास पहचान

पवेलियन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनकरी कला को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल विशेष रूप से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। चांपा और रायगढ़ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियों के साथ आकर्षक डिजाइन वाले हथकरघा वस्त्र, दुपट्टे और अन्य परिधान प्रदर्शित किए गए हैं।

बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति सहित विभिन्न स्टॉलों पर बुनकरों की कलाकारी देखने को मिल रही है। पारंपरिक बुनाई और आधुनिक डिजाइन के संगम से तैयार ये वस्त्र छत्तीसगढ़ की हस्तकरघा परंपरा को नई पहचान दे रहे हैं।

बेलमेटल की कलाकृतियां और जनजातीय आभूषण बने आकर्षण

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल शिल्पकला भी मेले में लोगों का ध्यान खींच रही है। यहां धातु से बनी हिरण, हाथी और पक्षियों की आकर्षक आकृतियों के साथ विभिन्न सजावटी वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा जनजातीय आभूषण, माटीकला, खादी और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी लोगों को पसंद आ रहे हैं।

इन कलाकृतियों की बारीक कारीगरी और पारंपरिक डिजाइन प्रदेश की समृद्ध शिल्प विरासत को प्रदर्शित कर रहे हैं।

वनोपज और हर्बल उत्पादों की भी हो रही चर्चा

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के स्टॉल पर वन संपदा से तैयार विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के अंतर्गत तैयार खाद्य पदार्थ, हर्बल उत्पाद और प्रसंस्कृत सामग्री भी आगंतुकों की रुचि का केंद्र बनी हुई है।

वहीं, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों पर स्थानीय कृषि उत्पाद, मिलेट्स और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित की गई है। इनके जरिए प्रदेश के स्थानीय संसाधनों, वन संपदा और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को सामने रखा जा रहा है।

VR तकनीक से चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव

छत्तीसगढ़ पवेलियन में पारंपरिक उत्पादों के साथ आधुनिक तकनीक का भी अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां बनाए गए विशेष वर्चुअल रियलिटी (VR) जोन में आगंतुक प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव ले रहे हैं।

इस तकनीक के माध्यम से लोग जलप्रपात की विशाल जलधारा और आसपास के प्राकृतिक नजारों को करीब से महसूस कर पा रहे हैं। यह पहल प्रदेश के पर्यटन स्थलों को लोगों तक पहुंचाने और छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने का माध्यम बन रही है।

अमित जोगी गिरफ्तारी देने पहुंचे थाने, आपत्तिजनक वीडियो मामले में राजेश मूणत ने कराई थी FIR

कांगेर घाटी और तीरथगढ़ जलप्रपात की भी जानकारी

पवेलियन में वन एवं इको-टूरिज्म पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और तीरथगढ़ जलप्रपात सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है।

प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ में प्रकृति आधारित पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।

इस तरह भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन अपनी पारंपरिक बुनकरी, हस्तशिल्प, वनोपज, स्थानीय उत्पादों और आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदेश की विविधता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आगंतुकों के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026