शिक्षकों ने संभाली बाल दिवस की कमान, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में अनूठी विशेष प्रार्थना सभा ने जीता विद्यार्थियों का दिल

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल, डाॅ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संस्था प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में दिनांक- 16 नवम्बर 2026 को बच्चों के चेहरे पर मुस्कान, मन में उमंग और वातावरण में उत्साह का संचार करते हुए ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में बाल दिवस के अवसर पर एक विशेष प्रार्थना सभा का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि संपूर्ण प्रार्थना सभा का संचालन विद्यार्थियों के स्थान पर संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा किया गया। शिक्षकों की इस अनूठी पहल ने बाल दिवस के आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का संपूर्ण मंच संचालन संस्था की हिंदी अध्यापिका श्रीमती हन्ना देवी ने किया। उन्होंने अपने प्रभावशाली उद्बोधन, शानदार एंकरिंग और आकर्षक शायरी के माध्यम से कार्यक्रम में ऐसा समां बांधा कि उपस्थित समस्त विद्यार्थी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मंत्रमुग्ध हो गए। उनकी प्रस्तुति में शब्दों की सुंदरता, भावों की गहराई और अभिव्यक्ति की प्रभावशाली शैली का अद्भुत संगम देखने को मिला। उन्होंने अपनी शानदार मंच संचालन कला से विद्यार्थियों का दिल जीत लिया।
विशेष प्रार्थना सभा का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके लिए संस्था की शिक्षिकाओं श्रीमती विजयलता राठौर, मंजुलापुरी गोस्वामी एवं सीमा पांडे को आमंत्रित किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाते हुए स्पीच के लिए श्रीमती विनीता पांडे, प्रस्तावना के लिए श्री सोहन कुर्रे, थॉट ऑफ द डे के लिए श्रीमती सीमा राठौर, वर्ड ऑफ द डे के लिए श्रीमती लक्ष्मी राठौर तथा सॉन्ग प्रस्तुति के लिए श्रीमती सोनम दुबे एवं श्रीमती नेहा साहू को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष गतिविधि की प्रस्तुति श्रीमती सरिता प्रधान, श्रीमती शीतल राठौर, श्रीमती सीमा पांडे एवं सुश्री यामिनी गंधर्व द्वारा दी गई। वहीं कविता पाठ के माध्यम से श्रेयसी ने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में राष्ट्रगान के लिए श्री प्रकाश पांडे, श्री सुनील गुप्ता, श्रीमती पूजा वर्मा एवं श्रीमती मेहा निशू पांडे को आमंत्रित किया गया।
बाल दिवस के इस विशेष अवसर पर संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न सदनवार, कक्षावार गतिविधियों के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रमाण पत्र वितरण हेतु संस्था की प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह, उपप्राचार्या श्रीमती भीष्मिता साहू एवं शिक्षक स्वरूप रंजन करना को आमंत्रित किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने अपने साथियों की उपलब्धियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम का प्रत्येक क्षण विद्यार्थियों के लिए आनंद, प्रेरणा और उत्साह से परिपूर्ण रहा। शिक्षकों को मंच पर विभिन्न भूमिकाओं में देखकर विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता एवं प्रसन्नता देखने को मिली। बाल दिवस के अवसर पर शिक्षकों द्वारा आयोजित यह विशेष प्रार्थना सभा विद्यार्थियों के प्रति स्नेह, समर्पण और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव का सुंदर उदाहरण बनी। संस्था परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों के लिए मिठाई की व्यवस्था भी की गई, जिसने उत्सव की खुशियों को और बढ़ा दिया।
इस अवसर ने यह संदेश दिया कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाले मार्गदर्शक ही नहीं, बल्कि बच्चों की खुशियों, सपनों और बचपन के उत्सव में सहभागी बनने वाले सच्चे मित्र भी हैं। संस्था की यह अभिनव पहल विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गई। समग्र रूप से बाल दिवस की यह विशेष प्रार्थना सभा हर्षोल्लास, रचनात्मकता और आत्मीयता के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।





