कोरबावासियों को धूल और प्रदूषण से मिलेगी बड़ी राहत: मानिकपुर रेलवे साइडिंग से 26 नवंबर से बंद होगी बाहरी कोयला लोडिंग
सतपाल सिंह

कोरबावासियों को धूल और प्रदूषण से मिलेगी बड़ी राहत: मानिकपुर रेलवे साइडिंग से 26 नवंबर से बंद होगी बाहरी कोयला लोडिंग
कोरबा (ब्यूरो)। कोरबा शहर के निवासियों और रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। कोरबा रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री गेट के पास स्थित मानिकपुर रेलवे साइडिंग (रेल यार्ड की लाइन नंबर-8) से होने वाले बाहरी कोयला लोडिंग के कार्य को 26 नवंबर से पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
लंबे समय से प्रदूषण की मार झेल रहे थे निवासी
मानिकपुर रेलवे साइडिंग लंबे समय से रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में धूल और प्रदूषण का एक प्रमुख स्रोत बनी हुई थी। कोयले के कणों और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से उड़ने वाली धूल के कारण एसईसीएल (SECL) कर्मचारियों, सुभाष ब्लॉक कालोनी के निवासियों, आम नागरिकों और रेल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
गौरतलब है कि स्टेशन के सेकंड एंट्री पर यात्री सुविधाएं वर्ष 2006 में शुरू की गई थीं, लेकिन पास में ही कोयला हैंडलिंग की गतिविधियां जारी रहने के कारण क्षेत्र के पर्यावरण और आवागमन पर बुरा असर पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) द्वारा रेलवे प्रबंधन से लगातार पत्राचार कर लोडिंग बंद करने की मांग की जा रही थी।
साइलो सिस्टम बना विकल्प, यात्री सुविधाओं का होगा विस्तार
एसईसीएल (SECL) की मानिकपुर कोयला लोडिंग सुविधा में पहले ही आधुनिक ‘साइलो सिस्टम’ के माध्यम से लोडिंग का कार्य शुरू किया जा चुका है, जिससे बाहरी लोडिंग बंद करना संभव हो पाया है।
इस संबंध में 11 नवंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जिसमें 26 नवंबर से लोडिंग बंद होने के बाद सेकंड एंट्री के आसपास बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं में सुधार करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, अन्य संबंधित रेलवे अधिकारी और श्रम संघ प्रतिनिधि वी.एम. मनोहर, अनूप सरकार, जी. राजेश, बिमल, साजी जॉन तथा वीनू वर्गीस उपस्थित थे।
रेलवे प्रशासन के इस कदम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर को प्रदूषण मुक्त बनाना है। सीटू (कोरबा जिला समिति) के महासचिव वी.एम. मनोहर ने विज्ञप्ति जारी कर इस निर्णय को शहरवासियों और रेल यात्रियों के हित में एक बड़ा और सराहनीय कदम बताया है।





