नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, सर्चिंग में मिले 3 डंप, 136 BGL सेल समेत भारी सामान जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों के छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए गए हैं। इनसे 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
बस्तर फाइटर भर्ती पर भड़के युवा, पद बढ़ाने की मांग को लेकर चक्काजाम, पुलिस से हुई झूमाझटकी
पामेड़ में 103 बीजीएल सेल बरामद
जानकारी के मुताबिक, खुफिया सूचना मिलने के बाद पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च अभियान शुरू किया गया। इस कार्रवाई में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी।
अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों की जांच के लिए डॉग स्क्वाड की मदद ली गई। इस दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डंप बरामद हुआ। तलाशी में यहां से 103 बीजीएल सेल और अन्य माओवादी सामग्री मिली, जिसे सुरक्षाबलों ने जब्त कर लिया।
गंगालूर क्षेत्र में मिले दो माओवादी डंप
इसी तरह गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल रही।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को दो अलग-अलग माओवादी डंप मिले। इनकी जांच करने पर 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री बरामद हुई। इस तरह दोनों इलाकों से कुल 136 बीजीएल सेल जब्त किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: दुबई में गिरफ्तार हुआ आरोपी विकास अग्रवाल, भारत लाने की तैयारी तेज
दोनों थानों में अलग-अलग कार्रवाई
सुरक्षाबलों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह संयुक्त अभियान चलाया था। बरामद बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री को जब्त कर लिया गया है। मामले में पामेड़ और गंगालूर थानों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





