कोरबा में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी स्कॉर्पियो, युवक की मौत

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
CG Weather: प्रदेश में बढ़ेगी ठंड या होगी बारिश? बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम से बदलेगा मौसम
पेड़ से टकराने के बाद पलटी कार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो कटघोरा-बांकी मार्ग से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो उछलकर करीब 50 मीटर दूर तक घिसटती हुई पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे।
18 वर्षीय रूपेश पटेल की मौत, साथी अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना के दौरान स्कॉर्पियो में दो युवक सवार थे। हादसे में 18 वर्षीय रूपेश पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल आर्यन गोंड को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्कॉर्पियो किस वजह से अनियंत्रित हुई।





