अच्छी पोस्टिंग से सरकारी ठेकों तक का झांसा! होटल कारोबारी दीपक टंडन पर गंभीर आरोप, पत्नी के मोबाइल से मिले कई अफसरों के चैट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होटल कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े कथित ठगी और प्रभाव के दुरुपयोग के मामले में नए खुलासे सामने आ रहे हैं। आरोप है कि उसने अच्छी पोस्टिंग दिलाने से लेकर सरकारी विभागों में ठेके दिलाने और प्रॉपर्टी में निवेश कराने के नाम पर कई लोगों से रकम वसूली। इस मामले में पुलिस अधिकारियों के अलावा PWD, वन विभाग और पर्यटन मंडल से जुड़े ठेकेदारों के भी उसके झांसे में आने की बात कही जा रही है।
इन आरोपों की जांच के लिए रायपुर पुलिस अब दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से लाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
पुलिस अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग दिलाने का झांसा
जानकारी के मुताबिक, पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान दीपक टंडन ने कई पुलिस अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इस नाम पर चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और टीआई समेत कई अधिकारियों से रकम ली गई।
बताया जा रहा है कि रकम देने के बावजूद अधिकारियों का काम नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो दीपक कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। दावा है कि एक एएसपी ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों के पैसे फंस गए। बाद में इन अधिकारियों द्वारा रकम वापस पाने के लिए उस पर दबाव बनाने की बात भी सामने आई है।
PWD और वन विभाग में ठेके दिलाने के नाम पर वसूली के आरोप
दीपक टंडन पर कोयला कारोबार, लोक निर्माण विभाग (PWD), वन विभाग और पर्यटन मंडल में सरकारी ठेके दिलाने के नाम पर ठेकेदारों और सप्लायरों से पैसे लेने के आरोप हैं।
शिकायतों के अनुसार, वह कभी खुद को IAS, IPS या IFS अधिकारी तो कभी किसी विभाग का कमिश्नर अथवा एमडी बताकर लोगों से संपर्क करता था। बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर वह लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करता था। इसके बाद उन्हें अपने होटल में मुलाकात के लिए बुलाता था।
उस पर कुछ ठेकेदारों और सप्लायरों को धमकाकर रकम मांगने के आरोप भी लगे हैं। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
होटल के कमरों में खुफिया कैमरे होने की भी चर्चा
इस पूरे मामले में दीपक के होटल को लेकर भी कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। चर्चा है कि होटल के कुछ कमरों में खुफिया कैमरे लगाए गए थे और उनकी निगरानी दीपक तथा उसके साले द्वारा की जाती थी। बताया जा रहा है कि कैमरों का एक्सेस मोबाइल फोन पर था और होटल में आने वाले लोगों की गतिविधियों एवं बातचीत की रिकॉर्डिंग किए जाने की आशंका है।
हालांकि, होटल के कमरों में कैमरे लगाए जाने और रिकॉर्डिंग किए जाने के दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारत-न्यूजीलैंड चौथा वनडे कल, जानें कितने बजे शुरू होगा मुकाबला और फ्री में कहां देख सकेंगे लाइव मैच
पत्नी के मोबाइल में मिले मंत्री और अधिकारियों से जुड़े चैट
दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी गिरफ्तार किया है। बुधवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, बरखा के जब्त मोबाइल की जांच के दौरान पुलिस को पूर्व मंत्री, IAS अधिकारियों और DSP से जुड़ी बातचीत के चैट तथा स्क्रीनशॉट मिले हैं। मोबाइल की फोटो गैलरी में भी कई लोगों की बातचीत से संबंधित स्क्रीनशॉट मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित लेनदेन और संपर्कों के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।





