छोटी-सी पहल, बड़ा संदेश: नन्हीं आराध्या ने दिवाली पर घर में काम करने वाली दीदी को भेंट किया उपहार
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की प्राचार्या की प्रेरणा से आराध्या ने पेश की मानवीय संवेदनाओं और संस्कारों की सुंदर मिसाल

दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए नन्हीं आराध्या अग्रवाल ने इस दीपावली पर एक ऐसी पहल की, जिसने सभी का दिल जीत लिया। दरअसल, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मैडम ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा था कि इस दीपावली पर वे कुछ विशेष करें और अपने घर में कार्य करने वाली सहयोगी दीदी (मेट) को भी त्योहार की खुशियों में शामिल करें। उन्हें सम्मानपूर्वक कोई उपहार भेंट करें, ताकि उनके चेहरे पर भी मुस्कान आ सके।
प्राचार्या मैडम की इस प्रेरणादायक सीख को आराध्या ने अपने जीवन में उतारते हुए घर में कार्य करने वाली दीदी को दीपावली का उपहार भेंट किया। उपहार पाकर उनके चेहरे पर आई खुशी और मुस्कान ने इस छोटी-सी पहल को बेहद खास बना दिया। आराध्या की यह पहल बताती है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना भी कितना आवश्यक है। किसी के साथ खुशियां बांटना, हर व्यक्ति का सम्मान करना और समाज के हर वर्ग को अपनेपन का एहसास कराना ही वास्तविक मानवीय मूल्य हैं।
सचमुच, दीपावली का असली उजाला घर के दीयों से नहीं, बल्कि किसी के चेहरे पर आई मुस्कान से होता है। आराध्या की इस सुंदर पहल के लिए विद्यालय की प्राचार्या मैडम की प्रेरणा और आराध्या के संस्कारों की सराहना की जानी चाहिए।





