*विश्व आदिवासी दिवस पर आज पं. दीन दयाल स्टेडियम सक्ती में मूलनिवासियों का बड़ा आयोजन…*
*आदिवासी प्रतिभाओं का होगा सम्मान...*


जिला रिपोर्टर शक्ति उदय मधुकर
*सर्व आदिवासी समाज के लोग आदिवासी संस्कृति व मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने का लेंगे संकल्प*
सक्ती ::आज विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर 9अगस्त 2026 को सक्ती नगर में सर्व आदिवासी समाज के लोगों का जमावड़ा देखने को मिलेगा। हर साल की भांति इस साल भी मूलनिवासी समाज के द्वारा सक्ती नगर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम बाजार ग्राउंड सक्ती में बड़े आयोजन की तैयारी की गई है। इसके मद्देनजर पं. दीनदयाल स्टेडियम बुधवारी बाजार ग्राउंड में विशाल डोम बन कर तैयार है। जहां सक्ती जिले ही नहीं वरन आस-पास के जिलों से भी सर्व आदिवासी समाज के लोग जुटेंगे। इस संबंध में सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ राज्य के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती विद्या सिदार ने बताया कि आज 9अगस्त 2026 को आदिवासी महारैली का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत सुबह 9:00 बजे नगरदा से होगी जहां पर मूलनिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर एक तीर एक कमान, सर्व आदिवासी एक समान के नारा बुलंद करते हुए कंचनपुर पहुंचेंगे जहां पर कंचनपुर बूढ़ा देव स्थल होते हुए सक्ती पहुंचेगी। जहां से सभी एकत्र होकर महारैली सक्ती नगर के सभी प्रमुख चौक चौराहों से गुजरते हुए पं दीन दयाल स्टेडियम बाजार ग्राउंड पहुंचेगी।
जहां यह रैली सभा के रूप में तब्दील हो जाएगी। इस अवसर आयोजित मंचीय कार्यक्रम में कलेक्टर अमृत विकास तोपनों तथा पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर दोनों संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि बनाए गए हैं। वहीं अपर कलेक्टर के. एस. पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री कावेरी मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ भुवनेश्वरी पैकरा तथा तहसीलदार मनमोहन सिंह ठाकुर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। आयोजन को लेकर सर्व आदिवासी समाज के लोगों में हर्ष का वातावरण व्याप्त है । इस मंचीय आयोजन के गरिमामय कार्यक्रम में मूलनिवासी समाज आदिवासी प्रतिभाओं का सम्मान करेगी। जिसमें पीएससी की परीक्षा में चयनित हुए सामाजिक प्रतिभाओं के साथ -साथ कक्षा 10 वीं व कक्षा12 वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मूलनिवासी प्रतिभाएं शामिल होंगे।






