कोरबा में चोरों के निशाने पर मंदिर, 24 घंटे में दो बार चोरी; दान पेटी और चांदी का मुकुट ले उड़े चोर

कोरबा। दीपावली से पहले शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने आस्था के केंद्रों को निशाना बनाते हुए मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह है कि एक ही मंदिर में 24 घंटे के भीतर दो बार चोरी की गई। अलग-अलग मंदिरों में हुई इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
Chhattisgath News: फोम गोदाम में लगी भीषण आग, सोफे-गद्दे समेत लाखों का सामान जलकर खाक
जानकारी के मुताबिक, पहली घटना निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर की है। यहां देर रात करीब 12 बजकर 13 मिनट पर एक चोर मंदिर में दाखिल हुआ और दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वहीं, सिविल लाइन थाना के पास स्थित हनुमान मंदिर में भी चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। यहां पहले दो दान पेटियां चोरी की गईं और इसके बाद दोबारा मंदिर में घुसकर चांदी का मुकुट पार कर दिया।
मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मंदिरों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं, त्योहार से पहले मंदिरों को निशाना बनाए जाने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।





