पुलिस कर रही तलाश, इधर गुजराती थाली का लुत्फ उठा रहे अमित जोगी! पार्टी ने बताया फरारी की खबरों को भ्रामक

रायपुर : ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो को लेकर विवादों में आए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक तरफ रायपुर पुलिस कथित आपत्तिजनक वीडियो मामले में पूछताछ के लिए उनकी तलाश कर रही है, वहीं दूसरी ओर अमित जोगी गुजरात के सूरत में गुजराती थाली का आनंद लेते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर रहे हैं। उनके रायपुर में मौजूद नहीं होने के कारण फरार होने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी ने इन खबरों को भ्रामक बताया है।
बाढ़ राहत राशि नहीं मिलने पर कांग्रेस का हल्लाबोल, राष्ट्रीय राजमार्ग पर किया चक्काजाम
कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर दर्ज है मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर ‘ज्ञानु और जानू’ नाम से कथित आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने अमित जोगी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर रायपुर की सिविल लाइंस पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस अमित जोगी से इस मामले में पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए जोगी निवास के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया है।

माफी मांगकर डिलीट कर चुके हैं पोस्ट
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए संबंधित पोस्ट डिलीट कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और उनसे पूछताछ करना चाहती है। उनके रायपुर में नहीं मिलने के कारण उनके फरार होने की खबरें सामने आने लगीं।
पार्टी बोली- फरार होने की खबरें भ्रामक
इस पूरे मामले पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने बयान जारी कर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अमित जोगी के फरार होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं।
चौहान के मुताबिक, अमित जोगी का 2 नवंबर से 8 नवंबर तक निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर रहने का दौरा पहले से निर्धारित था। इस संबंध में उन्होंने संबंधित थानों के प्रभारियों को ईमेल के जरिए अपनी स्थिति की जानकारी दे दी है। साथ ही 9 नवंबर को थाने में उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल होने की बात भी स्पष्ट की है।





