धूमधाम से मना श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति का 23वां स्थापना दिवस और शरद पूर्णिमा उत्सव
सतपाल सिंह

धूमधाम से मना श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति का 23वां स्थापना दिवस और शरद पूर्णिमा उत्सव
श्रीवास समाज के स्थापना दिवस पर गरबा की धूम, प्रतिभावान बच्चे और अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही अमिता श्रीवास हुईं सम्मानित..

कोरबा – श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति के तत्वावधान में दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को शरद पूर्णिमा एवं समिति का 23वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस गरिमामयी समारोह में समाज के मार्गदर्शक मंडल, संरक्षक मंडल, महिला मंडल तथा सैलून-पार्लर व्यावसायिक संघ सहित वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी और समस्त सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री रंगनाथ श्रीवास, श्री जगदीश श्रीवास एवं श्री मोहनलाल श्रीवास उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास ने शिरकत की। अपने प्रेरणादयी उद्बोधन में अमिता श्रीवास ने समाज के बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और हर कठिनाई का निडरता से सामना करने का संदेश दिया।
समारोह का शुभारंभ समाज के इष्टदेव और संकटमोचन बजरंगबली की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। उत्सव के दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए आकर्षक गरबा व डांडिया रास का आयोजन किया गया। इसके साथ ही समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बोर्ड परीक्षाओं के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं तथा खेल एवं नृत्य कला के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री शत्रुघ्न लाल श्रीवास ने की। सभा का सफल संचालन और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करने का दायित्व महासचिव श्री लीलाधर श्रीवास ने निभाया।





