CG News: प्रेस क्लब में पिस्टल से हवाई फायरिंग, सदस्यता विवाद में पदाधिकारियों को धमकाने का आरोप; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित प्रेस क्लब में हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। सदस्यता को लेकर हुए विवाद के बाद पलाश तिवारी पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों से बदसलूकी करने, उन पर पिस्टल तानने और हवा में गोली चलाने का आरोप है। घटना के बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सदस्यता नहीं मिलने से नाराज था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, पलाश तिवारी प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से नाराज था। शनिवार को वह प्रेस क्लब पहुंचा और इस मुद्दे पर पदाधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि पलाश तिवारी ने प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु और कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। इसके बाद शाम करीब 5 बजे उसने पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। घटना से प्रेस क्लब परिसर में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
शिकायत में धमकी देने का भी आरोप
घटना के संबंध में प्रेस क्लब की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के मुताबिक, 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब परिसर में कुछ अवांछनीय तत्वों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की जानकारी सदस्यों से मिली थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि पलाश तिवारी ने पिस्टल से हवाई फायरिंग कर परिसर में भय का माहौल पैदा किया और धमकी भी दी। इस घटना से प्रेस क्लब की शांति भंग होने की बात भी कही गई है।
देर रात पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रेस क्लब परिसर में फायरिंग की घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद देर रात आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
IPL 2027 में खेलेंगे एमएस धोनी? माही ने खुद दिया बड़ा अपडेट, साल के अंत में आ सकती है बड़ी खबर!
पत्रकारों की सुरक्षा पर उठे सवाल
प्रेस क्लब परिसर में पिस्टल तानने और हवाई फायरिंग की घटना के बाद पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सदस्यता विवाद के दौरान इस तरह की घटना सामने आने से प्रेस क्लब के सदस्यों में चिंता का माहौल है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





