CG Crime: बच्चे के लिए स्वेटर मांगना पड़ा भारी, पति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश की

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तीन माह के मासूम बच्चे के लिए स्वेटर लेने की बात कहने पर पति इस कदर गुस्से में आ गया कि उसने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जलाने की कोशिश की। घटना में महिला करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला संबलपुर का है।
स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, वीडियो वायरल होने पर स्टाफ नर्स निलंबित
मिली जानकारी के अनुसार, रेणुका की शादी करीब एक साल पहले संबलपुर निवासी बलराम से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच आर्थिक तंगी और पैसों को लेकर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी किसी लोन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
इसके बाद रेणुका ने अपने तीन माह के बच्चे के लिए पति से स्वेटर लेने की बात कही। आरोप है कि इस बात पर बलराम भड़क गया और उसने गुस्से में आकर पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने की कोशिश की। इस घटना में रेणुका गंभीर रूप से झुलस गई।
कोरबा में सनसनी: तीन दिन से लापता 7 वर्षीय मासूम का पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला शव, हत्या की आशंका
घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।





