कोरबा में सनसनी: तीन दिन से लापता 7 वर्षीय मासूम का पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला शव, हत्या की आशंका
सतपाल सिंह

कोरबा में सनसनी: तीन दिन से लापता 7 वर्षीय मासूम का पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला शव, हत्या की आशंका

कोरबा (छत्तीसगढ़), 22 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिले कोरबा से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रजगामार क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लापता एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान भव्या जोशी के रूप में हुई है, जिसका शव स्थानीय करीम पोल्ट्री फार्म के ठीक पीछे पाया गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
राशन लेने निकली थी मासूम, फिर नहीं लौटी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम निवासी प्रकाश जोशी पिछले चार महीनों से रजगामार में रहकर करीम पोल्ट्री फार्म में मजदूरी कर रहे थे। वे अपने चार बच्चों के साथ यहीं जीवन-यापन कर रहे थे।
19 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे प्रकाश जोशी ने अपनी सात वर्षीय बेटी भव्या को पास की ही एक राशन दुकान से घरेलू सामान लेने के लिए भेजा था। दुकान घर से कुछ ही दूरी पर थी, लेकिन जब काफी देर तक बच्ची वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कहीं पता न चलने पर थक-हारकर परिजनों ने रजगामार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी अवधि में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया।
पोल्ट्री फार्म के पीछे शव मिलने से गहराया रहस्य
भव्या का शव उसी पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला, जहां उसका परिवार रहता और काम करता था। घर के इतने नजदीक शव मिलने के कारण मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। स्थानीय लोग इसे हत्या और किसी बड़ी अनहोनी आशंका से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्तों (Dog Squad) और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है। पोल्ट्री फार्म के कर्मचारियों और आसपास के संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।





