Chhattisgarh: 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, नीचे उतारने में जुटी पुलिस; बिजली सप्लाई बंद

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के तखतपुर नगर में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला टावर पर 100 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर पहुंच गई, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी देर से मोबाइल टावर के ऊपर मौजूद थी। स्थानीय लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिला को सुरक्षित नीचे उतारना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस, रेस्क्यू की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। तखतपुर थाना प्रभारी सतीश साहू ने बताया कि मोबाइल टावर पर महिला के चढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।
थाना प्रभारी के मुताबिक, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात स्थानीय स्तर पर सामने आई है। इसी वजह से रेस्क्यू के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है, ताकि महिला को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
सुरक्षा के लिए बिजली सप्लाई बंद
रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने बिजली विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद एहतियातन बिजली सप्लाई बंद करा दी गई। साथ ही संबंधित मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस और प्रशासन की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सावधानी के साथ जल्द ही महिला को टावर से नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है।





