ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में गांधी-शास्त्री जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल, डाॅ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संस्था प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह जी के निर्देशन में दिनांक- 02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्था संचालक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था संचालक एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा एवं तैल्य चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात् संस्था की शिक्षिका श्रीमती हन्ना देवी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, संघर्ष और विचारों का सारगर्भित परिचय प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को दिशा प्रदान की। तत्पश्चात् संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गांधीजी के प्रसिद्ध भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये जे, पीड़ पराई जाणे रे’ का सामूहिक गायन किया।
वातावरण श्रद्धा और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम में संस्था एडमिनिस्ट्रेटर, को-आर्डिनेटर श्रीमती नीलम सिंह द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से उनके आदर्शों और जीवन उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दोनों महापुरुषों का जीवन सत्य, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम की अगली कड़ी में संस्था शिक्षिका श्रीमती नेहा साहू ने हिंदी में तथा शिक्षिका सुश्री सीमा राठौर ने अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत किया। दोनों ने अपने वक्तव्य के माध्यम से गांधी जी एवं शास्त्री जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को रोचक बनाने एवं शिक्षकों के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को तीन टीमों में विभाजित किया गया। सर्वप्रथम क्विज प्रतियोगिता का आगाज़ करते हुए संस्था की शिक्षिका श्रीमती हन्ना देवी द्वारा प्रतियोगिता के महत्वपूर्ण नीति नियमों की जानकारी देते हुए किया गया। साथ ही क्विज प्रतियोगिता के जजेश के रूप में संस्था की प्रभारी उप-प्राचार्या श्रीमती नीलम सिंह का परिचय कराया गया। तत्पश्चात् कार्यक्रम को आगे बढ़ातेे हुए तीनों टीमों से बारी-बारी से प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सही उत्तर पर प्रतिभागियों ने उत्साह व्यक्त किया, वहीं गलत उत्तर पर माइनस मार्किंग के बीच सभी ने हंसी-मजाक के साथ प्रतियोगिता का आनंद लिया। विजेता टीम को संस्था की ओर से आकर्षक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में ‘बेस्ट अटायर’ अर्थात सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को सूती, खादी एवं कोसा के वस्त्र पहनकर आने के लिए कहा गया था। सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में नजर आए। पुरुष वर्ग में संगीत शिक्षक श्री सुभाष कहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में श्रीमती हन्ना देवी सर्वश्रेष्ठ परिधान के लिए प्रथम रहीं। विजेता श्री सुभाष कहरा जी को शास्त्री जी की टोपी एवं अंगवस्त्र देकर तथा शिक्षिका हन्ना देवी को शाॅल देकर सम्मानित किया गया। अंत में कार्यक्रम का समापन किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम की प्रभारी एवं मंच संचालन श्रीमती हन्ना देवी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।





