कोरबा में क्रिकेट का महाकुंभ: आईपीएल की तर्ज पर 25 नवंबर से सजेगा ‘बांकी प्रीमियर लीग’ (BPL T-20) का रोमांच…
कोरबा में क्रिकेट का महाकुंभ: आईपीएल की तर्ज पर 25 नवंबर से सजेगा ‘बांकी प्रीमियर लीग’ (BPL T-20) का रोमांच…
बांकी मोंगरा (कोरबा) – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला अंतर्गत बांकी मोंगरा में इस साल सर्दियों की शुरुआत क्रिकेट के सबसे रोमांचक फॉर्मेट के साथ होने जा रही है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर क्षेत्र में पहली बार ‘बांकी प्रीमियर लीग’ (BPL T-20) क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर यह है कि इस महाकुंभ का शंखनाद 25 नवंबर से होने जा रहा है, जिसकी सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस मेगा टूर्नामेंट में पूरे कोरबा जिले से लगभग 200 स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए मैदान में उतरेंगे। खिलाड़ियों के पंजीकरण (Players Registration) के लिए एक विशेष ऐप लिंक पूरे जिले में साझा कर दिया गया है, जिसे लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मैदान में भिड़ेंगी 8 दमदार फ्रेंचाइजी टीमें
इस भव्य प्रीमियर लीग में कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमों के मालिकों (Franchise Owners) के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है, जो इस प्रकार हैं:
1. रॉयल चैलेंज बांकी – नरेंद्र साहू (कटघोरा)
2. काका ब्लास्टर – जीत सिंह (कुसमुंडा)
3. महालक्ष्मी टाइगर – मोहन सिंह (बालको)
4. कोरबा किंग्स – जयंत अग्रवाल (कोरबा)
5. कोरबा टाइटन्स – सरोज राठौर (कोरबा ईस्ट-वेस्ट)
6. ब्लैक पैंथर – [अजय राय] एवं प्रेम लाल साहू (NTPC दर्री)
7. आकाश वॉरियर्स – आकाश शर्मा (दीपका)
8. कृशु वॉरियर्स – कमलजीत सिंह (गेवरा)
अक्टूबर के अंत में सजेगा ‘ऑक्शन’ का बाजार, वॉलेट में मिलेंगे 30,000 पॉइंट्स
टूर्नामेंट को पूरी तरह पेशेवर रूप देने के लिए अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में खिलाड़ियों की नीलामी (Auction) आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक टीम ओनर को अपने पसंदीदा और बेहतरीन खिलाड़ियों को खरीदने के लिए वॉलेट में 30,000 पॉइंट्स दिए जाएंगे। नियमों के मुताबिक, हर फ्रेंचाइजी को अपने स्क्वाड में कुल 10 खिलाड़ी अनिवार्य रूप से खरीदने होंगे। अक्टूबर के अंत में होने वाले इस ऑक्शन में बेहतरीन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजी मालिकों के बीच दिलचस्प रणनीतिक जंग देखने को मिलेगी।
कोर कमेटी और टीम ओनर्स की बैठक संपन्न
टूर्नामेंट के सफल संचालन को लेकर हाल ही में बांकी मोंगरा में कोर कमेंटी और सभी टीम मालिकों के बीच एक महत्वपूर्ण एवं सफल बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में टूर्नामेंट की रूपरेखा, नियम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य रूप से जयंत अग्रवाल, नरेंद्र साहू, सरोज राठौर, भोपेंद्र भूषण दास, जीत सिंह, आकाश शर्मा, कमलजीत, पन्ना पटेल, गणेश प्रसाद, कृपा राम साहू, मोहन सिंह, संजय आज़ाद, विनय साहू, हरीश प्रजापति, वसीम और आशीष सहित कोर कमेटी के सभी प्रमुख सदस्य और खेल विशेषज्ञ मौजूद रहे।
आयोजन समिति का दावा है कि इस टूर्नामेंट से न केवल ग्रामीण और स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिलेगा, बल्कि कोरबा जिले में खेल संस्कृति को एक नई दिशा और ऊंचाई हासिल होगी।





