Asian Games 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, छत्तीसगढ़ की संजू देवी का अहम योगदान; CM साय ने दी बधाई

रायपुर : जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी ने भी अहम भूमिका निभाई।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू देवी से बातचीत के दौरान उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी सफलता से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
CG Crime: पुरानी रंजिश में नाबालिग ने सराफा कारोबारी पर किया चाकू से जानलेवा हमला, सामने आई वजह
प्रतिभा और मेहनत से बढ़ाया प्रदेश का मान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। इसमें छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के जरिए भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धि उन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।

गांवों और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
CM साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
बिलासपुर हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी रामसिंह ठाकुर पुलिस के हत्थे चढ़ा; 30 गिरफ्तार
फाइनल में ईरान को हराकर जीता स्वर्ण
गौरतलब है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 के महिला कबड्डी फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम की इस जीत में कोरबा की संजू देवी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वह भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे।





