CG Accident News: बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, 15 से ज्यादा यात्री घायल, मौके पर मची अफरा-तफरी

रायगढ़ : जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। दुर्घटना में बस में सवार 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, यात्री बस धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से बस की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ चलाया बचाव अभियान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





