*घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, आरोपी गिरफ्तार सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और 20 हजार रुपये नगद बरामद*

सक्ती । थाना डभरा क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणभाठा में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान की चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को प्रार्थी मोहन लाल लहरे ने घर में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि परिवार पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गया था। वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा और खुला मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नगद गायब थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डभरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने चेतन सिंघल पिता प्रवीण कुमार सिंघल, उम्र 22 वर्ष, निवासी अंजोरीपाली, मोहापाली रोड, सुभाष चौक, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर प्रार्थी के घर के पीछे खेत के पास छिपाकर रखा गया सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, चांदी की पायल, मोबाइल फोन सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश कुमार पटेल, सहायक उप निरीक्षक हरनारायण ताम्रकार, प्रधान आरक्षक रमेश चंद्रा, आरक्षक मिरीश साहू, अजय बंजारे और राजेश धिरहे का विशेष योगदान रहा।





