Korba News: सोशल मीडिया पर डॉनगिरी दिखाना पड़ा भारी! चापड़ लहराने वाले समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

Korba News: सोशल मीडिया पर कथित डॉनगिरी दिखाने वाली रील पोस्ट करने और धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में कोरबा की कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरानी बस्ती निवासी गौतम तंवर और फोकटपारा निवासी हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गौतम तंवर पर सोशल मीडिया पर खुद को कोरबा का गुंडा-डॉन बताने वाले वीडियो पोस्ट करने और लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगने का आरोप है। वहीं, हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर पर धारदार चापड़ लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से चापड़ बरामद करने का दावा किया है।
AI की एक गलती से अमेरिका-चीन में छिड़ सकती थी जंग! चीनी जहाज पर हमले की हो गई थी तैयारी
सोशल मीडिया पर डॉनगिरी दिखाने का आरोप
पहला मामला पुरानी बस्ती क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय गौतम तंवर सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि और कथित डॉनगिरी दिखाने वाले वीडियो बनाकर पोस्ट करता था। वह खुद को कोरबा का गुंडा और डॉन बताता था। पुलिस का यह भी आरोप है कि वह लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगता था और खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था।
गौतम की सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके व्यवहार को लेकर शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के बाद उसे बस स्टैंड क्षेत्र में पैदल परेड भी कराई गई। पुलिस का दावा है कि गौतम के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
चापड़ लहराकर डराने का आरोप
दूसरा मामला फोकटपारा इलाके का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर हाथ में धारदार चापड़ लेकर उसे लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, हर्ष वैष्णव को धारदार चापड़ के साथ पकड़ा गया और उसके कब्जे से हथियार बरामद किया गया। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
त्योहारों को देखते हुए पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बदमाशों, अवैध हथियार रखने वालों और लोगों के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
कोतवाली पुलिस सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो पर भी निगरानी रख रही है। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि शहर में हुड़दंग करने और लोगों के बीच भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।





