Chhattisgarh: PM के जन्मदिन पर दीया जलाने को लेकर विवाद, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प

जगदलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित आशीर्वाद समारोह के तहत दीया जलाने के कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक दीये जलाने का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग को लेकर विरोध जताया।
कांग्रेस का आरोप था कि बैरिकेडिंग के कारण सड़क किनारे स्थित छोटी-बड़ी दुकानें बंद हो गई हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी विरोध के बीच भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंच गए।
मौके पर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान भी हुई। मौके पर जूते-चप्पल और चश्मे बिखरे नजर आए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। इसके बावजूद मौके पर नारेबाजी जारी रही। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।
सवा लाख दीपों के आयोजन से पहले गरमाया माहौल, भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तीखी बहस
वहीं, विवाद के दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा के साथ भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बहस होने की बात सामने आई है। आयोजन को लेकर शुरू हुआ विरोध अब भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव में बदल गया है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।





