Korba News: पति पर हत्या का शक! 3 दिन बाद कब्र खोदकर बाहर निकाला गया नवविवाहिता का शव

कोरबा : जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के छिरहुट गांव में 23 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के तीन दिन बाद, पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकाला है। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का संदेह जताते हुए शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के अफसरों की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला। रायगढ़ जिले के ग्राम कुमा, थाना कापू निवासी घुरई बाई की शादी तीन साल पहले छिरहुट निवासी दिलीप बैगा से हुई थी। दंपती का डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी है। 16 जून को घुरई की मौत हो गई थी। पति और ससुराल पक्ष ने तबियत बिगड़ने से मौत होने की बात कहते हुए शव को दफना दिया था।
मायके वालों ने का कहना है, दिलीप बैगा चरित्र शंका को लेकर अक्सर पत्नी से विवाद करता था। इसी आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए श्यांग थाना में शिकायत दर्ज कर शव कब से बाहर निकाल कर जांच कराने की मांग की। शुक्रवार को एसडीओपी, थाना प्रभारी, सीन आफ क्राइम टीम तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गांव पहुंचकर कब्र की खुदाई कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पूरे समय मौजूद रहे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पति दिलीप बैगा ने हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई थी। उसने खुद पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
21 जून को डबल धमाका! श्रीलंका और इंग्लैंड में एक्शन में उतरेगी टीम इंडिया, जानें दोनों मैचों का समय
पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतका के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।मायके पक्ष का आरोप है, पति दिलीप बैगा पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी के चलते घुरई की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए जल्दबाजी में शव दफना दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाएगा।






