पाठशाला के माध्यम यातायात पुलिस बिलासपुर की आम नागरिकों से सड़क पर यात्रा के दौरान यातायात सुरक्षा मापदंडों के पालन हेतु की गई विशेष अपील

विद्यालयो के नवीन शिक्षण सत्र का दिनांक 16.6.2026 से शुभारंभ हुआ। स्कूलों के खुलते ही यातायात बिलासपुर के द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में यातायात के प्रति देश के भावी नागरिक अर्थात विद्यार्थियों को जागरूक करना प्रारंभ कर दिया हैl बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के विशेष मार्गदर्शन में आज नवीन शिक्षण सत्र के प्रथम दिवस से ही स्थानीय ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल सरकंडा में “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गयाl
कार्यक्रम में यातायात के एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि प्रायः सड़क में हमारी छोटी सी चूक गंभीर सड़क दुर्घटना का रूप ले लेती है इसलिए सड़क में हमें हमेशा पूरी पूरी सावधानी बरतनी चाहिए ।सुरक्षा मानकों के प्रति हमेशा हमें गंभीर होना चाहिएl यातायात के नियमों के प्रति हमेशा शत प्रतिशत निष्ठावान होना चाहिएl
इसी क्रम में यातायात के मास्टर ट्रेनर पूर्व सब इंस्पेक्टर उमाशंकर पांडे ने विद्यार्थियों के बड़े समूह को सड़क में चलने के नियम, यातायात संकेत, सड़क दुर्घटना के कारण निवारण तथा गुड सेमीरिटन अर्थात राहवीर योजना के संबंध में बारीकी से बताया। साथ ही आईटीएमस के संबंध में भी विद्यार्थियों को समझाते हुए कहा कि यदि बेटे-बेटियां ठान ले तो सड़क दुर्घटना में काफी हद तक गिरावट आ सकती है। क्योंकि माता-पिता अपने बेटे- बेटियों के प्रति बहुत ही संजीदा होते हैं उनका कहा हर माता-पिता आवश्यक मानते हैं इसलिए यातायात अंतर्गत दुर्घटना को रोकने में उनकी अहम भूमिका हो सकती है l
यातायात पुलिस बिलासपुर की यातायात की पाठशाला के माध्यम से जिले के समस्त नागरिकों को सड़कों पर चलते हुए सदैव सुरक्षा मानकों एवं मापदंडों के पालन करने हेतु छात्र-छात्राओं के माध्यम से विशेष संदेश देने का प्रयास किया गया। इस दौरान समस्त नागरिकों से अपील भी की गई कि सड़कों पर चलते हुए सदैव यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट अवश्य लगावे, शराब एवं नशे का सेवन कर कदापि वाहन न चलावे, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन ना चलावे, तेजी एवं लापरवाही पूर्वक वाहन ना चलावे, सड़कों पर स्टंट बाजी या खतरनाक ड्राइविंग से बचें, रॉन्ग साइड या गलत लेन में वाहन ना चलावें, सुरक्षा संकेत व सिग्नल का पालन अवश्य करें, तय गति सीमा से अधिक गति से वाहन ना चलाएं, माल वाहक वाहनों में यात्री सवारी न करें तथा अन्य अनेक यातायात नियमों की पालन करने हेतु छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए आम नागरिकों के लिए संदेश प्रसारित की गई।
इस दौरान स्कूल के समस्त छात्र-छात्राओं को यातायात पुलिस बिलासपुर के द्वारा ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करते हुए अपने आसपास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के बारे में यातायात पुलिस बिलासपुर को सूचित करने तथा विशेष करके शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों एवं अन्य लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों की जानकारी प्रदान करने के संबंध में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
स्कूलों में विशेष करके नाबालिग बच्चों के द्वारा बिना लाईसेंस एवं बिना ड्राइविंग अनुभव के वाहन चालन की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाने हेतु छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से इसके दुष्परिणामों के बारे में अवगत कराई गई तथा नाबालिकों के द्वारा उल्लंघन किए जाने की स्थिति में उनके माता-पिता को भी यातायात नियमों की उल्लंघन एवं अन्य आपराधिक प्रकरण में माननीय न्यायालय के न्यायिक प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ सकता है इस संबंध में व्यापकता एवं विस्तार के साथ समझाइस दी गई।
कार्यक्रम में यातायात सड़क सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य अशोक श्रीवास्तव, संस्था की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार एवं श्रीमती दिव्या राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षिकाएँ उपस्थित रही । छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के समापन से पूर्व हमेशा यातायात नियम के प्रति निष्ठावान होने की शपथ भी दिलाई गईl संस्था की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यातायात बिलासपुर का यह प्रयास सभी के लिए अनुकरणीय है*






