कोरबा में बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे: दर्री जोन के निकम्मे अधिकारियों से सर्वमंगला नगर त्रस्त, वार्ड 61-62 में घंटों गुल रहती है लाइट
सतपाल सिंह
कोरबा में बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे: दर्री जोन के निकम्मे अधिकारियों से सर्वमंगला नगर त्रस्त, वार्ड 61-62 में घंटों गुल रहती है लाइट
कोरबा सर्वमंगला नगर – कोरबा का विद्युत विभाग दर्री जोन अपनी लापरवाही और निकम्मेपन की सारी हदें पार कर चुका है। वार्ड क्रमांक 61 एवं 62, सर्वमंगला नगर की जनता बीते कई दिनों से घंटों बिजली गुल रहने से त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन विभाग के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।
आलम यह है कि भीषण गर्मी और उमस में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज बेहाल हैं। रात-रात भर बिजली नहीं आती। इन्वर्टर जवाब दे जाते हैं, पानी की मोटर नहीं चल पाती। छात्रों की पढ़ाई चौपट हो रही है और दुकानदारों का कारोबार ठप पड़ा है।
सबसे दुखद बात यह है कि शिकायत सुनने वाला कोई नहीं
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दर्री जोन के जिम्मेदार अधिकारी फोन उठाना तो दूर, ऑफिस में मिलते तक नहीं। शिकायत करो तो एक ही रटा-रटाया जवाब मिलता है – “फॉल्ट देख रहे हैं”। यह फॉल्ट पिछले एक महीने से ठीक होने का नाम ही नहीं ले रहा। 
जनता के सवाल:
1. मेंटेनेंस के नाम पर हर महीने करोड़ों खर्च करने वाला विभाग आखिर करता क्या है?
2. जब बिल जमा करने में एक दिन की देरी पर कनेक्शन काट दिया जाता है, तो घंटों बिजली काटने पर विभाग पर पेनल्टी कौन लगाएगा?
3. दर्री जोन के AE और JE को जनता की तकलीफ दिखाई क्यों नहीं देती? क्या AC कमरों से बाहर निकलने का समय इनके पास नहीं है?
वार्ड 61-62 के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे दर्री जोन कार्यालय का घेराव करेंगे और कलेक्टर से निकम्मे अधिकारियों की शिकायत करेंगे।






