बिलासपुर में सड़क पर बवाल: बहतराई स्टेडियम के सामने दो गुटों में जमकर मारपीट, पत्थरबाजी का वीडियो वायरल
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, सरकंडा के बहतराई स्टेडियम के सामने दो गुटों में लात-घूंसे और पत्थरबाजी, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बिलासपुर : न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर सड़क पर मारपीट की घटना सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई स्टेडियम के सामने दो गुटों के युवकों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान युवकों के बीच लात-घूंसे चले और एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई स्टेडियम के सामने की बताई जा रही है। यहां किसी बात को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच पहले कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद सड़क पर ही दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने एक-दूसरे पर थप्पड़, लात और घूंसे बरसाए। कुछ युवक पत्थर उठाकर भी एक-दूसरे पर फेंकते नजर आए। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग घबराकर दूर हट गए। सड़क पर अचानक हुए इस हंगामे से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई युवक सड़क के बीचों-बीच एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और आसपास लोग खड़े होकर घटना को देख रहे हैं। लगातार सामने आ रही मारपीट और चाकूबाजी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर सख्ती नहीं बरती गई तो शहर में असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की आवश्यकता है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जानकारी जुटा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद संबंधित युवकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं आम लोगों के लिए खतरा बनती जा रही हैं।






