बुलडोजर एक्शन: 135 अवैध फार्म हाउस और मकान ध्वस्त, 90 एकड़ सरकारी जमीन मुक्त

कोरबा : जिले के दर्री क्षेत्र के केसी जैन मार्ग पर सोमवार सुबह जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सौ से अधिक अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर चलाया। सरकारी जमीन पर फार्म हाउस, मकान और गार्डन बनाकर कब्जा किए बैठे 135 अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी करने के बाद अवैध कब्जे को जमींदोज किया गया। यह कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि दर्री इलाके में करीब 90 एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए गए हैं। जांच में सामने आया कि कई बड़े और प्रभावशाली लोग, ठेकेदार और रसूखदार सरकारी जमीन पर अवैध रूप से काबिज थे। कुछ कब्जाधारियों ने 60 से 70 डिसमिल तक जमीन पर कब्जा कर मकान और फार्म हाउस बना रखे थे।
बिलासपुर में युवक ने खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती
सोमवार सुबह संयुक्त टीम के पहुंचते ही अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। कार्रवाई के दौरान करीब 4 से 5 जेसीबी मशीनों को लगाया गया। कुछ कब्जाधारियों को अपना सामान हटाने का मौका मिला, जबकि कई लोग समय रहते सामान नहीं निकाल पाए, जिसके बाद बुलडोजर से निर्माण तोड़ दिए गए। इस कार्रवाई में प्रशासन की ओर से कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, पुलिस प्रशासन की ओर से विमल पाठक तथा नगर निगम की ओर से तोड़ू दस्ता प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई जारी है।





