Bilaspur Gunpoint Loot Case: सराफा कारोबारी से लूटपाट, 4 संदिग्ध गिरफ्तार, पुलिस आज शाम करेगी खुलासा
बिलासपुर लूट: संतोष तिवारी से 17 फरवरी को हुई 3.50 करोड़ की नकदी और जेवरात की चोरी, आरोपी यूपी से गिरफ्तार

Bilaspur Gunpoint Loot Case: राजकिशोर नगर के सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से 17 फरवरी की रात लूटी गई करीब 3.50 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सूत्रों की जानकारी के अनुसार, चार संदिग्ध आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। बिलासपुर पुलिस की टीम अब इन्हें लेकर लौट रही है। बता दें कि राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। वे प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर बिक्री के लिए रखे सोने के जेवर कार में लेकर घर लौट रहे थे।
घर से कुछ ही दूरी पर, बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर पहुंचते ही पहले से खड़ी सफेद रंग की कार (सीजी 10 बीजे 8147) ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जैसे ही संतोष तिवारी कार से बाहर निकले, कार सवार हथियारबंद लूटेरों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद बदमाश साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेजी से निकल गए।
जानकारी के मुताबिक, लुटेरे वारदात के बाद अपनी वैन और बाइक मौके पर छोड़ कारोबारी की कार लेकर फरार हो गए थे। उन्होंने उर्तुम में गाड़ी छोड़ दी और फिर अलग-अलग वाहनों – स्कॉर्पियो और ह्युंडई आई20 – में बदलकर यूपी की ओर भागे। पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मोबाइल लोकेशन और पुराने मामलों के सुरागों ने मदद की।





