Chhattisgarh

नवनिर्वाचित भाजपा नगर सरकार शहर के सर्वांगीण विकास के लिये सदैव संकल्पित रहेगी – महापौर संजय पाण्डे

अटल संकल्प पत्र की घोषणाएं अटल हैं, सारी घोषणाएं समय पर पूरा करेंगे 

 

जगदलपुर। भाजपा के नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे ने स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय में आज प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवनिर्वाचित भाजपा नगर सरकार शहर के सर्वांगीण विकास के लिये सदैव संकल्पित रहेगी। आमजन से जुड़ी प्रत्येक छोटी-बड़ी समस्याओं का अविलंब निदान होगा। स्वच्छता को लेकर विशेष प्रयास योजनाबद्ध रूप से पूरे किये जायेंगे। अटल संकल्प पत्र की घोषणाएं अटल हैं, सारी घोषणाएं समय पर पूरा करेंगे। शहर की देवतुल्य जनता ने अटूट विश्वास व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।

महापौर संजय पाण्डे ने भाजपा के सभी नवनिर्वाचित 30 पार्षदों के साथ पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, चुनाव संचालक एवं मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप एवं जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सैकडों नुक्कड़ सभाएं एवं परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए अपने आप को चुनावी रण में झोंक दिया। जिसके परिणामस्वरूप भाजपा की महापौर सहित 30 पार्षद सीटों पर ऐतिहासिक वृद्धि के साथ भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया।

श्री पाण्डे ने कहा कि भाजपा की नगर सरकार मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी। सड़क, बिजली, पानी से लेकर सिटी बस, रोड कनेक्टिविटी एवं एयर कनेक्टिविटी जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ दुरूस्त किया जायेगा। स्वच्छता हमारा सबसे प्रमुख विज़न होगा। हम दलगत राजनीति से उठकर सारे आयामों को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ, स्वस्थ, सुन्दर और विकसित जगदलपुर बनायेंगे।

नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग, पुलिस प्रशासन, मीडिया एवं लोकतंत्र के इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए मतदाताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिन रात परिश्रम की पराकाष्ठा की, उसका अभूतपूर्व परिणाम भी हुआ और जगदलपुर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी, इसके लिये हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता भी बधाई एवं धन्यवाद के पात्र हैं। हम सब साथ मिलकर, सभी के सहयोग से सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ जगदलपुर शहर को संवारेंगे।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, योगेन्द्र पाण्डे, आलोक अवस्थी, सफीरा साहू, नरसिंह राव, सुरेश गुप्ता, राजेन्द्र बाजपेयी, संग्राम सिंह राणा, प्रकाश झा, निर्मल पाणिग्रही, खेमसिंह देवांगन सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Ravindra Das Bureau Bastar

Ravindra Das covers economic policy, business developments, and financial matters affecting India and regional markets with addition of local news in Bastar Sambhag of Chhattisgarh. His analysis is data-driven and focused on clarity and accuracy. Areas of Expertise • Business and industry • Government economic policy • All Local News of Bastar Division Editorial Responsibility He ensures all data verified against authoritative sources. 📧 Contact: dasvindra3@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026