
सावन की मस्ती, सखियों की खुशियाँ
सखी सहेलियां सेवा, सम्मान एवं संस्कार ग्रुप रजगामार द्वारा महिलाओं के आपसी प्रेम, सौहार्द और मनोरंजन के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिर के सभागार भवन में सावन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सखियों ने उत्साह और उमंग के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सखियों के मनोरंजन के लिए विभिन्न गेम्स, गायन प्रतियोगिता एवं राखी की थाली सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी सखियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रथम से चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया तथा अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य उषा कुर्रे सहित विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक दल के रूप में उषा पांडे जी, अनसूया श्रीवास जी, उषा प्रसाद जी एवं मंजू साहू जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। निर्णायक दल ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं का चयन किया और सम्माननीय अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान “सावन क्वीन” का भी चयन किया गया, जिसमें गंगा निर्मलकर को सावन क्वीन चुना गया।
लाल रंग की एकरूप साड़ियों में सजी सखियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। रंग-बिरंगी सजावट, स्वादिष्ट व्यंजन और मनोरंजक गतिविधियों के बीच सभी ने खूब आनंद लिया। सखियों ने कहा कि वे रोजमर्रा की जिंदगी में परिवार और समाज के लिए समय देती हैं, लेकिन इस आयोजन ने उन्हें अपने लिए समय निकालने और बचपन की यादों को फिर से जीने का अवसर दिया।
कार्यक्रम ने महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, मित्रता और आपसी सहयोग को एक सुंदर मंच प्रदान किया। मुख्य अतिथि उषा कुर्रे ने आयोजन की खूब सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को आपस में जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने वाले ऐसे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने सखी सहेलियां ग्रुप को आगे भी सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ जारी रखने के लिए शुभकामनाएँ दीं। अन्य अतिथियों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए सखियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन सखी सहेलियां सेवा, सम्मान एवं संस्कार ग्रुप की प्रमुख रश्मि तिवारी द्वारा किया गया। सभी सखियों की सहभागिता और सहयोग से आयोजन यादगार बन गया।
कार्यक्रम में पूजा तिवारी, अंकिता दुबे, रेनू बरेठ , गायत्री निर्मलकर, गंगा निर्मलकर, सत्यभामा श्रीवास, पूजा श्रीवास, कंचन श्रीवास, प्रियंका श्रीवास, भारती कश्यप, सुधा घोष, साधना कुजूर, जानकी यादव, आकांक्षा साव,मंजू राठिया य, श्रद्धा डनसेना, कृष्णा सोनी, रानी थापा, प्रीति कश्यप एवं सहित सभी सखियों सहभागिता रही। कार्यक्रम के कार्यकर्ता के रूप में गरिमा पांडे एवं इशिता सोनी का विशेष योगदान रहा।






