*विश्व आदिवासी दिवस पर 9अगस्त को सक्ती में बड़े आयोजन की चल रही तैयारी…*

जिला रिपोर्टर सक्ती- उदय मधुकर

*सक्ती नगर में महारैली का आयोजन कर सर्व आदिवासी समाज जनसाधारण को आदिवासी संस्कृति व मूल्यों के प्रति जागरूक करेगी*
सक्ती आगामी 9अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर सक्ती में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी मूल निवासी समुदाय के लोगों द्वारा बड़े आयोजन की तैयारी है। आयोजन को सफल बनाने युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही है। इस संबंध में सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ राज्य के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती विद्या सिदार ने बताया कि हर साल की भांति इस साल भी सर्व आदिवासी समाज जिला सक्ती के तत्वावधान में विश्व आदिवासी दिवस उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा। श्रीमती विद्या सिदार ने बताया कि उस दिन 9 अगस्त को सक्ती जिले सहित आसपास के जिलों से भी मूलनिवासियों का जमावड़ा होगा । जहां सभी एकत्र हो आदिवासी वेश-भूषा से सुसज्जित अपने पारंपरिक लोकनृत्यों पर थिरकते नगर भ्रमण करते हुए जनसाधारण को आदिवासी मूल्यों व उसके परंपराओं व मान्यताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ -साथ उसे अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प भी लेंगे। श्रीमती सिदार ने आगे बताया कि इस अवसर पर सक्ती में मंचीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में कलेक्टर अमृत विकास तोपनों तथा पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर दोनों संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि बनाए गए हैं। वहीं अपर कलेक्टर के. एस. पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री कावेरी मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ भुवनेश्वरी पैकरा तथा तहसीलदार मनमोहन सिंह ठाकुर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने सर्व आदिवासी समाज सक्ती जिला ईकाई के लोग जी जान से लगे हुए हैं। कार्यक्रम की जानकारी बैनर पोस्टर के माध्यम से जनसाधारण तक पहुंचाई जा रही है। आयोजन को लेकर सर्व आदिवासी समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है…।






