ब्रेकिंग -12 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्री: कोरबा में नाबालिग की हत्या का आरोपी जंगल से गिरफ्तार
सतपाल सिंह
ब्रेकिंग -12 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्री: कोरबा में नाबालिग की हत्या का आरोपी जंगल से गिरफ्तार
Jasछत्तीसगढ़ – कोरबा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग बालिका के अपहरण और हत्या की गुत्थी को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने ‘लास्ट सीन थ्योरी’, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और मजबूत तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी अमित चौहान को धर दबोचा। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बागो थाना क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा हुआ था।
19 अक्टूबर से लापता थी मासूम
जानकारी के मुताबिक, रजगामार क्षेत्र से बीती 19 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर कोरबा पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
ईंट-भट्ठे के पास जंगल में मिला शव
लगातार तीन दिनों तक चली सघन खोजबीन के बाद, 22 अक्टूबर 2026 को पुलिस को रजगामार पुरानी बस्ती के पीछे स्थित एक पुराने ईंट-भट्ठे के पास जंगल में लापता बालिका का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच का दायरा बढ़ाया और एफआईआर (FIR) में BNS की धारा 103(1) (हत्या), 66 (साक्ष्य छिपाना) सहित पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 4 व 6 के कड़े प्रावधान जोड़े।
तकनीक और ‘लास्ट सीन थ्योरी’ से खुली परतें
शव मिलने के बाद कोरबा पुलिस ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तफ्तीश शुरू की। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और पीड़िता को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था (लास्ट सीन थ्योरी), इसकी कड़ियां जोड़ी गईं। तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल की मदद) से संदेही अमित चौहान की भूमिका स्पष्ट हुई।
इसके बाद पुलिस की विशेष टीमों ने घेराबंदी कर आरोपी को बागो के सुदूर और दुर्गम जंगली इलाके से दबोच लिया।
कोरबा पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डॉक्टरों की अंतिम राय के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि उसे अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
फांसी की मांग..
जिले में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है,आरोपी के खिलाफ फांसी की मांग को लेकर जमीनी स्तर से सोशल मीडिया में लगातार मांग उठ रही है।





